प्रदेश में बढ़ी गर्मी की तपिश, पहली बार पारा 40 डिग्री के पार
जयपुर। राजस्थान में गर्मी का असर लगातार तेज होता जा रहा है और इस सीजन में पहली बार अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। रविवार को बाड़मेर और बालोतरा क्षेत्र हीटवेव की चपेट में रहे। वहीं जयपुर, अजमेर और कोटा सहित 15 से अधिक शहरों में दिन का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र, जयपुर के अनुसार फिलहाल प्रदेश में गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। विभाग ने सोमवार और मंगलवार के लिए जैसलमेर, बाड़मेर और बालोतरा में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले एक सप्ताह के दौरान तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है।
पिछले 24 घंटों के दौरान झुंझुनूं जिले के पिलानी और बाड़मेर सबसे अधिक गर्म रहे। रविवार को पिलानी में अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि बाड़मेर में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। बाड़मेर, बालोतरा और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही तेज धूप रही और दिन में हल्की से मध्यम लू चली, जिससे लोगों को काफी गर्मी का सामना करना पड़ा। इसके अलावा बीकानेर में अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री, चूरू में 39.1, जैसलमेर में 39.2, जोधपुर में 38.8 और फलोदी में 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इन क्षेत्रों में भी दिनभर गर्म हवाओं का असर देखने को मिला।
रविवार को राज्य के 15 से अधिक शहरों में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर दर्ज किया गया। पाली में 37.5, झुंझुनूं में 37.4, करौली में 36.6, फतेहपुर में 38.5, जालोर और डूंगरपुर में 37.3, श्रीगंगानगर में 37.4, उदयपुर में 36.3, कोटा में 36.7, सीकर और भीलवाड़ा में 36, अलवर में 36.2 तथा अजमेर में 37 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। राजधानी जयपुर में भी पिछले एक सप्ताह से तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। 1 मार्च को यहां अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस था, जो धीरे-धीरे बढ़ते हुए रविवार को 37.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। जयपुर में सुबह धूप निकलते ही गर्मी का असर महसूस होने लगता है और दिनभर तेज धूप के कारण लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। झुलसाने वाली गर्मी के चलते लोग दिन में घरों से कम ही बाहर निकल रहे हैं। हालांकि शाम होते-होते तापमान में तेजी से गिरावट देखने को मिलती है।
अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस में भोपाल में "रन फॉर टाइगर का भव्य आयोजन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निवाड़ी के नवीन संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन का किया लोकार्पण
बिहान योजना से मिली नई पहचान, पोषण सखी बन महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य की बनीं संरक्षक
एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत विद्यार्थियों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
निवाड़ी में विकास का नया अध्याय आरंभ हो रहा है: मुख्यमंत्री डॉ. यादव