जगन्नाथ यात्रा की भव्य तैयारी, कहीं रिमोट कंट्रोल रथ तो कहीं चांदी से सजा विमान
जयपुर। राजस्थान में भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्राओं को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस वर्ष प्रदेश के तीन प्रमुख शहरों जयपुर, उदयपुर और अलवर में आस्था का अनूठा सैलाब देखने को मिलेगा। राजधानी जयपुर में आगामी 16 जुलाई को तीन अलग-अलग मार्गों से भव्य रथयात्राएं निकाली जाएंगी, जिनमें सदियों पुरानी परंपराओं के साथ-साथ आधुनिकता का समावेश देखने को मिलेगा। इसके साथ ही उदयपुर में चांदी के रथ पर भगवान नगर भ्रमण करेंगे, जबकि अलवर में सदियों पुराने इंद्र विमान पर सवार होकर ठाकुर जी अपनी बारात के साथ विवाह रचाने निकलेंगे।
राजधानी जयपुर में आस्था की त्रिवेणी और अनूठी परंपराएं
जयपुर में 16 जुलाई को सुबह 6 बजे सबसे पहले गोविंददेवजी मंदिर के ढाई सौ साल पुराने चांदी के पारंपरिक रथ की परिक्रमा से महोत्सव का शंखनाद होगा। इसके बाद शाम 5 बजे पुरी की तर्ज पर जगन्नाथ सेवक समिति की दिव्य रथयात्रा निकलेगी, जिसके लिए समिति ने करीब 30 लाख रुपये का बजट रखा है। इसी दिन शाम को गुप्त वृंदावन धाम द्वारा एक विशेष रिमोट-चालित हाइड्रोलिक रथ पर शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसे बिजली के तारों से बचाने के लिए छोटा या बड़ा किया जा सकता है।
उदयपुर में 95 किलो के चांदी के रथ पर निकलेंगे भगवान
उदयपुर की प्रसिद्ध रथयात्रा भी 16 जुलाई को दोपहर 3 बजे से शुरू होगी, जिसमें भगवान जगन्नाथ स्वामी माता लक्ष्मी और दानीराय जी के साथ 95 किलोग्राम वजनी भव्य चांदी के रथ पर सवार होकर भक्तों को दर्शन देने निकलेंगे। इस महोत्सव को भव्य बनाने के लिए पूरे मार्ग को 11 हजार ध्वजा-पताकाओं से सजाया गया है। शोभायात्रा में पांच बैंड, भजन मंडलियां, ऊंट-घोड़े, कलशधारी महिलाएं और विविध झांकियां शामिल होंगी, जबकि जगन्नाथ अन्न क्षेत्र मानव समिति द्वारा 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की विशेष व्यवस्था की गई है।
अलवर में 196 साल पुराने इंद्र विमान पर सजेगी बारात
अलवर शहर में आगामी 22 जुलाई को सुभाष चौक स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर से ऐतिहासिक रथयात्रा का प्रस्थान होगा, जिसमें श्रद्धालु बाराती बनकर शामिल होंगे। भगवान जगन्नाथ 196 साल पुराने ऐतिहासिक इंद्र विमान पर विराजित होकर परिणय सूत्र में बंधने के लिए निकलेंगे। इस अनूठे उत्सव में दुबई से विशेष तौर पर मंगाए गए कपड़ों से तैयार पोशाक और विदेशी इत्रों का उपयोग किया जाएगा। यात्रा की भव्यता बढ़ाने के लिए हरियाणा का बमरसिया नृत्य, शंखवादक, घड़ियाल पार्टी, पट्टेबाज और पुलिस बैंड मुख्य आकर्षण के केंद्र रहेंगे।
RPSC स्कूल लेक्चरर भर्ती 2022 पर सवाल, फाइनल आंसर-की में बदलाव के आरोप
राजस्थान में छात्रों का आंदोलन तेज, धर्मेंद्र प्रधान के बाद अब इस मंत्री के इस्तीफे की मांग
रालोद में अंदरूनी कलह खुलकर आई सामने, 10 पदाधिकारियों ने दिया सामूहिक इस्तीफा
CM शुभेंदु की चेतावनी, 'धोखेबाज भतीजे को कोई नहीं बचा पाएगा', घोटाले पर सियासी वार
एक तरफ धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा, दूसरी तरफ मायावती का बड़ा राजनीतिक संदेश
मां-बाप की आंखों के सामने उजड़ा परिवार, पिछोला झील में डूबने से बच्ची की मौत
कमाई बढ़ी, लेकिन घाटा भी बढ़ा; FY26 में PhonePe के वित्तीय नतीजे चौंकाने वाले
प्रदेश कांग्रेस कमेटी की नई सूची तैयार, जल्द मिल सकती है नेताओं को जिम्मेदारी