भीलवाड़ा, 16 जून। 450वें हल्दीघाटी विजय वर्ष एवं महाराणा प्रताप जन्मदिवस की पूर्व संध्या पर मंगलवार सायंकाल महाराणा प्रताप सर्किल (पांसल चौराहा) पर भव्य दीपदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों, युवाओं, महिलाओं एवं वरिष्ठजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए राष्ट्र गौरव, वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप को दीप अर्पित कर श्रद्धांजलि समर्पित की।

कार्यक्रम स्थल पर सैकड़ों दीपों की मनोहारी छटा ने पूरे वातावरण को आलोकित कर दिया। दीपदान के दौरान उपस्थित जनसमूह में विशेष उत्साह देखने को मिला। महाराणा प्रताप के शौर्य, पराक्रम एवं राष्ट्रभक्ति पर आधारित गीतों की मधुर प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और अधिक प्रेरणादायी बना दिया। देशभक्ति के गीतों एवं जयघोषों से संपूर्ण वातावरण राष्ट्रभक्ति एवं स्वाभिमान से ओत-प्रोत हो गया। चेतक पर अश्वारूढ महाराणा प्रताप व चेटक को बबलू सिंह ठूमिया, विभाग संघचालक चांदमल जी सोमानी, महानगर संघचालक कैलाश चन्द्र जी खोईवाल, रघुनन्दन सिंह कानावत ने माला पहना कर दीपदान का शुभारंभ किया ।

आकर्षक सजावट एवं भव्य व्यवस्थाओं के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में समाज के प्रबुद्धजन, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में समाजबंधुओं ने सहभागिता निभाई। उपस्थित वक्ताओं ने महाराणा प्रताप के अदम्य साहस, त्याग, स्वाभिमान एवं राष्ट्रनिष्ठा का स्मरण करते हुए उनके आदर्शों को वर्तमान पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

समारोह समिति के संयोजक श्री महेश चन्द्र एवं सह-संयोजक सर्व श्री रविकांत व्यास ,रघुनंदन सिंह कानावत, ओमप्रकाश लढ्ढा ने सभी समाजबंधुओं एवं नगरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि 450वें हल्दीघाटी विजय वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम को अभूतपूर्व जनसमर्थन प्राप्त हुआ। दीपदान कार्यक्रम में लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया, जो महाराणा प्रताप के प्रति समाज की अटूट श्रद्धा एवं सम्मान का प्रतीक है।

उन्होंने बताया कि 17 जून को उदयपुर के गांधी मैदान में आयोजित होने वाले 450वें हल्दीघाटी विजय वर्ष के विराट समारोह में सहभागिता हेतु भीलवाड़ा से बड़ी संख्या में राष्ट्रप्रेमी एवं कार्यकर्ता बसों द्वारा प्रस्थान करेंगे। इस ऐतिहासिक आयोजन को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ मोहन राव भागवत  संबोधित करेंगे।