जयपुर, 12 सितम्बर। प्रदेश को मंगलवार को चम्बल रिवर फ्रंट की सौगात मिली। कोटा शहर में लगभग 1400 करोड़ रुपये की लागत से विकसित देश के पहले हैरिटेज रिवर फ्रंट का लोकार्पण विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सी.पी. जोशी ने नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री श्री शांति धारीवाल की उपस्थिति किया। राज्य सरकार के कई मंत्रियों के साथ ही विभिन्न बोर्ड-निगम-आयोग अध्यक्ष एवं विशिष्ट लोग इस ऐतिहासिक पल के गवाह बने। कोटा बैराज से नयापुरा पुलिया तक तक 2.75 किलोमीटर लम्बाई में विकसित चम्बल रिवर फ्रंट को अवलोकन कर सभी गणमान्य अभिभूत नजर आए।

        विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सी.पी. जोशी ने कहा कि राजस्थान के लिए यह गौरव का विषय है कि इस तरह का ऐतिहासिक कार्य कोटा में हुआ है। जो भी पर्यटक यहां आएंगे वे यहां की खूबसूरती को आजीवन याद रखेंगे। शिक्षा मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला ने कहा कि चम्बल रिवर फ्रंट ने राज्य में विकास की एक नई इबारत लिखी है। यह रिवर फ्रंट पर्यटन की दृष्टि से मील का पत्थर साबित होगा। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री परसादीलाल मीणा ने कहा कि राज्य सरकार विकास कार्यों में कोई कमी नहीं रख रही है। कोटा में विकसित चम्बल रिवर फ्रंट ना केवल पर्यटन और कला की दृष्टि से महत्वपूर्ण है बल्कि राजस्थान की गंगा-जमुनी तहजीब की भी मिसाल है। कृषि मंत्री श्री लालचंद कटारिया ने कहा कि वे चंबल रिवर फ्रंट के विभिन्न घाटों का अवलोकन कर अभिभूत हैं। उन्होंने कहा कि जो भी देशी-विदेशी पर्यटक यहां आएंगे उनके जेहन में लंबे समय तक यादें ताजा रहेंगी।